कालिंजर (जलस्त्रोत) प्रोजेक्ट रिपोर्ट
कालिंजर
प्रस्तावना: बुंदेलखण्ड वीरों को जन्म देने वाली धन-धान्य से समृद्ध एवं प्रकृति देवी की
विश्राम भूमि है| इस भूमि के कण कण कण में शौर्य भरा हुआ है| यही कारण है कि यहाँ
की अबलाओं ने भी वीरोचित साहसपूर्ण कार्य किये हैं, जिन्हें अछे-अछे रणकोविद
धनुर्धर भी नहीं कर सकते| स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाली
महारानी लक्ष्मीबाई इसी वीरभूमि बुन्देलखण्ड में ही थीं| इसी बुन्देलखन में
महाराजा छत्रसाल जैसे शूरवीर राजाओं ने
जन्म लेकर हिन्दू जाति एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा की थी| बुंदेलखंड के जनपदों
में बाँदा जनपद अपनी महान विशेषताओं के कारण प्रख्यात है| यह भूमि ऐतिहासिक,
धार्मिक, राजनैतिक एवं सांस्कृतिक सभी दृष्टियों से विशेष महत्वपूर्ण है| महर्षि
नामदेव ने यहीं पर अपना सिद्धाश्रम बनाया था| महाराज विराट की नगरी यही बाँदा नगर
ही है, जहाँ के पाण्डव लोगों ने अपने विपत्ति के दिनों में शरण पायी थी| इसी
प्रकार इस परम्प्रसिद्ध बाँदा मंडल के अंतर्गत अनेक तीर्थ स्थान हैं| विन्ध्य गिरी
की माला से सुशोभित होने वाले इस बुंदेलखंड की वीर प्रसवनी वसुंधरा के अंतर्गत
बाँदा जनपद के दक्षिणी भाग में परम प्राचीन पुराण विख्यात ‘कालिंजर’ नाम का एक
क्षेत्र है| यह क्षेत्र वैदिक काल से ही अपनी पवित्रता रमणीयता एवं नैतिकता के लिए
विख्यात है| यह वह भूमि है जहाँ कालकूट विष की विषम वेदना संतप्त प्रभूत भावन
भगवान शंकर ने भी आकर शांति प्राप्त की थी| यह वह अनादि सिद्ध तपोभूमि है जहाँ की
जड़ भरत जैसे महान तपस्वी राजर्षि ने मृग का शारीर पाकर भी अपनी अंतरात्मा को शांति
देने के लिए भ्रमण किया था| इस भूमि ने मानवता के जिन उच्च आदर्शों की प्रतिष्ठा
की है उनका वर्णन करना असंभव है|
क्षेत्र की सत्ता
कालिंजर का क्षेत्र परम प्राचीन है| पद्म पुराण में इसकी सीमा का विस्तार 4
मील तक लिखा है| कतिपय विशेषज्ञों का कहना है की पौराणिक काल के पूर्व इसका
क्षेत्र 24 मील विस्तृत था| सतयुग में इसका नाम ‘कीर्तक’ था| त्रेतायुग में
‘महद्गिरी’, द्वापर में ‘पिंगल’ एवं कलयुग में ‘कालिंजर पर्वत’ नाम पड़ गया| यह
क्षेत्र परम पुनीत एवं पाप नाशक है| सिर के रोग, नेत्र रोग तथा चरम रोगों को शमन
करने की इसमें अद्वितीय शक्ति है| यह कालिंजर क्षेत्र प्राचीन काल में एक निविड़ वन
में स्थित था| यहाँ तुङ्गक नामक ऋषि के निवास का भी पता चलता है| इन्हीं ऋषि के
नाम के आधार पर सम्पूर्ण वन का नाम तुङकारण्य हो गया था| पितरों को शांति देने के
लिए, उनका उद्धार करने के लिए यह क्षेत्र परम प्रख्यात था| इसी कारण गया में
श्राद्ध करने से जो फल प्राप्त होता है वह फल कालिंजर में स्थित मृग क्षेत्र में
श्राद्ध करने से मिलता है| श्राद्धकर्ता के सात गोत्रों तक के भ्रमित पितरों का
उद्धार हो जाता है| यह कालिंजर क्षेत्र केवल पाप हर एवं पितृ उद्धारक ही नहीं है,
प्रत्युत अनादि काल से सिद्ध तपोभूमि है| आदर्श योगी जड़भरत ने भी मृग रूप में आकर
यहाँ शांति पायी थी| विशेष रूप से पाप नाशक क्षेत्र होने के कारण इसे ‘अधमर्षण’
नाम की संज्ञा प्राप्त हो गयी थी| आदि कलाकार सृष्टि निर्माता श्री ब्रह्मा जी ने
भी सृष्टि रचना हेतु इसी अधमर्षण क्षेत्र में तप किया था|
इस प्रकार कालिंजर का
अस्तित्व सृष्टिकाल से लेकर आज पर्यन्त विभिन्न रूपों में सिद्ध होता है| शंकर जी
का प्रसिद्ध स्थान होने के कारण शंकराचार्य जी ने भी इसे धार्मिक क्षेत्र बनाया|
सतयुग, त्रेता और द्वापर तक कालिंजर का धार्मिक महत्त्व अत्यधिक रूप से ज्ञात होता
है| इसके पश्चात कलयुग में राजनीतिक परिस्थितियों के कारण शासकों ने उक्त स्थानों
को अति सुरक्षित समझ कर दुर्ग का निर्माण कर उसे राजनीतिक महत्त्व भी प्रदान किया|
कालिंजर महात्म्य
जिस प्रकार गंगा यमुना का महत्त्व त्रिकाल में सत्य है, उसी
प्रकार पाप विनाशक, शांति प्रदायक, तप संचायक कालिंजर गिरी का महात्म्य भी त्रिकाल
में सत्य है| पर्वत में चढ़ने से इच्छानुसार फल की प्राप्ति होती है| कलयुग में
कालिंजर के दर्शन मात्र से जीव मुक्त हो जाता है| समुद्रमंथन के प्रारंभ में भगवान
विष्णु द्वारा विषपान निश्चय करने पर भगवान शंकर से प्रार्थना की गयी कि आप इसे
पान करेंगे| जब भगवान शंकर ने उनकी प्रार्थना स्वीकार करके विषपान कर लिया तब वे
नीलकण्ठ हो गए| तबसे भगवान नीलकण्ठ कालिंजर पर्वत में निवास करने लगे और अपने
क्षेत्र में निवास करने वाले प्राणियों के लिए अर्थ, धर्म, काम तथा मोक्ष फल को
प्रदान करने वाले हुए| यह क्षेत्र 4 मील के विस्तार से उन सभी प्राणियों को मुक्ति
प्रदान करने वाला है, जो कि वहां जन्म लेते हैं, दीक्षा प्राप्त करते हैं, विवाह
संस्कार करते हैं या मृत्यु प्राप्त करते हैं| जितना समय गोदोहन में लगता है यदि
उतने समय भी कोई कालिंजर में निवास करता है, तो इसके दर्शन तथा स्पर्श से
ब्रह्महत्या के पाप से भी मुक्त हो जाता है|
सौमित्र क्षेत्र का महत्व
कालिंजर में सम्पूर्ण पापों का नाशक ‘कोटि तीर्थ’ नामक उत्तम तीर्थ है, वहाँ स्नान
करने से मनुष्य ब्रह्मलोक में पूजा जाता है| वहाँ स्नान करके मनुष्य शिव लोक को प्राप्त करता है तथा
करोड़ों पवित्र तीर्थ के स्नान का फल प्राप्त होता है| कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की
पूर्णिमा को सोमवार के दिन वहां स्नान से एक करोड़ गोदान का फल प्राप्त होता है|
कार्तिक पूर्णमासी कृत्तिका नक्षत्र में जब प्रण्य तीर्थ हो तब तीन रात्रि वास
करके वहाँ स्नान करना चाहिए|
कार्ययोजना
ऐसे ऐश्वर्यवान स्थल से पूर्णतयः परिचित होने के लिए,मुझे मेरे गुरु जी के
आदेशानुसार, कालिंजर भ्रमण कर वहाँ के जल स्त्रोतों की स्थिति देखने को कहा गया|
अतः मैंने अन्य गुरुओं के सहयोग से अपने सहपाठियों (सुशील एवं सुरेश) के साथ 10
दिसम्बर, 2017 को कालिंजर जाने की योजना बनाई| हम अतर्रा से बारास्ता नरैनी,
कालिंजर पहुँचे, जहाँ मार्ग में ही पक्की सड़क अतर्रा से नरैनी के बीच निर्माणाधीन
होने के कारण हमारे दुपहिया वाहन का अगला पहिया पंक्चर होने के कारण कुछ देर
विलम्ब हो गया| अतः हम कालिंजर 1:00 बजे पहुँचे| फिर कुछ समय, पुरातत्व विभाग के
टिकट काउंटर पर अपना सम्पूर्ण विवरण देकर टिकट लेने में, लग गया| इसके पश्चात हम
सब लोगों ने अपने साथ ले जाया गया जल-पान ग्रहण किया| फिर सब लोग दर्शनीय स्थलों
को देखने के लिए चल दिए| वहाँ से सारी जानकारियों को एकत्र करके शाम को 6:00 बजे
हम चल दिए और 8:00 बजे अतर्रा वापिस आ गए|
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
कालिंजर उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले में स्थित कालिंजर
बुंदेलखंड का ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है| प्राचीन काल में यह
जेजाकभुक्ति (जयशक्ति चंदेल) साम्राज्य के अधीन था| यहाँ का किला भारत का सबसे
विशाल और अपराजेय किलों में एक माना जाता है| 9 वीं से 15 वीं शताब्दी तक यहाँ
चंदेल शासकों का शासन था| चंदेल राजाओं के शासनकाल में कालिंजर पर महमूद गजनवी,
कुतुबुद्दीन ऐबक, शेर शाह सूरी और हुमांयु ने आक्रमण किये लेकिन जीतने में असफल
रहे| अनेक प्रयासों के बावजूद मुगल कालिंजर के किले को जीत नहीं पाए| अंततः 1569
में अकबर ने यह किला जीता और अपने नवरत्नों में एक बीरबल को उपहारस्वरुप प्रदान
किया| बीरबल के बाद यह किला बुन्देल राजा छत्रसाल के अधीन हो गया| छत्रसाल के बाद
किले पर पन्ना के हरदेव शाह का अधिकार हो गया|
1812 में यह किला अंग्रेजों के
नियंत्रण में आ गया| एक समय कालिंजर चारों ओर से ऊंची दीवारों से घिरा हुआ था और
इसमें चार प्रवेश द्वार थे| वर्तमान में कामता द्वार, पन्ना द्वार और रीवा द्वार
नामक तीन प्रवेश द्वार ही शेष बचें हैं| ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह नगर
पर्यटकों को बहुत पसंद आता है| पर्यटक यहाँ इतिहास से रूबरू होने के लिए नियमित
रूप से आते रहते हैं| कालिंजर दुर्ग के विस्तार क्षेत्र की लम्बाई 1617.72
मी०(अधिकतम), 805.17 मी०(न्यूनतम) तथा चौड़ाई 1863.57 मी०(अधिकतम), 1655.40
मी०(न्यूनतम) है| दुर्ग की सीमा के अन्दर बहुत से दर्शनीय स्थल है, जिनमें से कुछ
बड़े जल स्त्रोतों का विवरण इस प्रकार है -
![]() |
| कालिंजर दुर्ग |
बुड्ढा-बुड्ढी तालाब: दुर्ग की सीमा के अन्दर किले के पूर्व में एक बड़ा जल स्त्रोत स्थित है, जिसे बुड्ढा-बुड्ढी के नाम से जाना जाता है| इसे वृद्धक क्षेत्र की भी संज्ञा दी गयी है| इसे रवि शशि क्षेत्र भी कहते हैं| यह सम्पूर्ण तड़ाग चट्टानें काटकर बनाया गया है| इसके चारों ओर सीढ़ियाँ हैं| यहाँ पर दो तालाब मिले हुए हैं| बड़े तालाब को ‘बुड्ढा’ के नाम से तथा छोटे तालाब को ‘बुड्ढी’ के नाम से जाना जाता है|
![]() |
| बुड्ढा तालाब |
![]() |
| बुड्ढी तालाब |
![]() |
| बुड्ढा तालाब में दक्षिण की ओर की सीढ़ियाँ |
![]() |
| बुड्ढा तालाब में पश्चिम की ओर की सीढ़ियाँ |
कोटि तीर्थ तालाब: ‘कोटि तीर्थ’ दुर्ग की सीमा के अन्दर सबसे बड़ा जल स्त्रोत
है| इसे ‘कोट तीर्थ’ से भी जाना जाता है| यह तड़ाग किले के उत्तर में है| यह लगभग
150 मी० लम्बा एक तड़ाग है, जिसकी अधिकतम चौड़ाई 84 मी० तथा न्यूनतम चौड़ाई 63 मी०
लगभग है| जिसे पहाड़ की चट्टानें काटकर बनाया गया है| तड़ाग के जल तक पहुँचने के लिए
भिन्न-भिन्न स्थानों में सीढ़ियों का निर्माण किया गया था| तड़ाग के पश्चिम तथा
उत्तर में 19 सीढ़ियाँ तथा दक्षिण में 30सीढ़ियाँ हैं| यह सीढ़ियाँ किसी समय अनेक
सुन्दर चित्रों से सजाई प्रतीत होती हैं| क्योंकि इनमें कुछ चित्र आज भी विद्यमान
हैं|
सुरसरि गंगा: दुर्ग के बाहर पहाड़ के
नीचे एक तालाब है जिसे ‘सुरसरि गंगा’ के नाम से पुकारा जाता है| यह एक बड़ा सरोवर
है| इस तालाब की ल० 118 मी० तथा चौ० 67 मी० लगभग है| इसमें चारों ओर सीढ़ियाँ हैं जो
टूटी हुई अवस्था में 10 से 15 होंगी| इस तालाब तक पहुँचने के लिए 40 सीढ़ियाँ चढ़नी
होती हैं| ऐसा प्रतीत होता है कि ऊपर से बह कर आये हुए जल को एकत्र करने के लिए इस
तड़ाग का निर्माण किया गया था| इसमें सदैव जल बना रहता है|
![]() |
| सुरसरि गंगा |
चुनौतियाँ
जब हमने अपने सहपाठियों से कालिंजर चलने के लिए आग्रह किया
तो उन्होंने सीधा प्रश्न किया की वहाँ आवागमन के क्या साधन हैं? मैंने कुछ अन्य
रिश्तेदारों से आग्रह किया तो उन्होंने प्रश्न किया की वहाँ ठहरने के लिए आरामदेह
स्थल है? तथा वहाँ हम ऐसा क्या देखेंगे? कालिंजर के
बारे में जितनी जानकारी मेरे पास थी मैंने उन्हें दी, मगर वे किसी भी हालत में
कालिंजर जाने के लिए तैयार नहीं हुए| वहाँ पहुँच कर मुझे एहसास हुआ कि कालिंजर
वास्तव में बहुत ही अच्छा ऐतिहासिक स्थल है किन्तु अफ़सोस यह था कि ऐतिहासिक स्थलों
के सन्दर्भ में कोई ऐसा गाइड यहाँ नहीं है जो इन स्थलों की जानकारी आने वाले वाले
पर्यटकों को दे सके| इसलिए कोई पर्यटक यहाँ आने की चेष्टा नहीं करता, क्योंकि
उन्हें कोई इस स्थल के विषय में जानकारी देने वाला विशिष्ट जानकार नहीं है|
वहाँ पुरातत्व विभाग में तथा दुर्ग के नीचे कालिंजर बस्ती
वालों के पास भी कोई पुस्तक एवं मानचित्र कालिंजर के विषय में नहीं मिल सका| हमने
पाया कि दुर्ग के ऊपर जो जलाशय हैं उनका जल पूरी तरह से प्रदूषित हो चुका है तथा
पीने योग्य जल भी कुछ ही जलस्त्रोतों से प्राप्त होता है| पुरातत्व विन्हाग की ओर
से पीने के पानी की व्यवस्था कुछ ही स्थानों पर कराई गयी है, जिससे पर्यटकों को
दिक्कतों का सामना करना पड़ता है| दुर्ग के ऊपर किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं है|
इस प्रकार हम देखते हैं कि कालिंजर के इतिहास तथा यहाँ के
वास्तुशिल्प एवं प्रकृति की सुन्दरता के बावजूद, साधनों के अभाव के कारण यहाँ आये
हुए यात्री किन्हीं अन्य यात्रियों को यहाँ आने की सलाह नहीं देते, जिसके कारण
यहाँ यात्रियों का आगमन अभी अन्य पर्यटन स्थलों की तरह नहीं हो पाया है| अतः
कालिंजर क्षेत्र की चुनौतियाँ इस प्रकार हैं-
1.आवागमन के साधनों का अभाव|
2.पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था का अभाव|
3.पर्यटकों के मनोरंजन के साधनों का अभाव|
4.पर्यटकों की आवासीय व्यवस्था का अभाव|
5.पर्यटकों के लिए कालिंजर से सम्बन्धित प्रचार सामग्री का
अभाव|
6.पर्यटकों के लिए उचित मार्ग दर्शकों (गाइडों) का अभाव|
7.कला संस्कृति से जुड़ी हुई लोक कलाओं का अभाव|
8.वहाँ के जीर्ण-शीर्ण जलाशयों का पुनर्निर्माण न होना|
9.इन जल स्त्रोतों की नियमित सफाई का अभाव|
10.कालिंजर क्षेत्र की मूर्तियों आदि विरासतों का उचित
रख-रखाव न होना|
सुझाव
चुनौतियाँ बहुत ही संवेदनशील होने के कारण उनसे निपटने के
सुझाव भी उतने ही कारगर होने चाहिए जितनी शक्तिशाली चुनौतियाँ हैं| अतः व्यक्तिगत
और शासन स्तर पर मिलकर हमें ऐसे भागीरथ प्रयास करने होंगे जिससे की इन चुनौतियों
से सरलतापूर्वक निपटा जा सके|
1.कालिंजर को विश्व
विरासत स्थलों की सूची में शामिल किये जाने के लिए प्रयास किया जाना चाहिए|
2.कालिंजर तक आगमन के साधनों का विकास तीव्र गति से किया जाय|
3.कालिंजर में पर्यटकों के आवास के लिए समुचित व्यवस्था हो|
4.कालिंजर में
विकास प्राधिकरण की स्थापना तथा मॉडल टाउन के रूप में विकसित किया जाय|
5.यहाँ पर जुड़ी हुई लोक संगीत परम्पराओं को विकसित करके
समय-समय पर उनका प्रस्तुतीकरण हो|
6.कालिंजर के
इतिहास को पर्यटन की दृष्टि से लिखकर उसका प्रचार-प्रसार अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर
किया जाय|
7.कालिंजर महोत्सव
आयोजन प्रतिवर्ष किया जाय और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जाय|
8.परम्परागत कुटीर उद्योगों को विकसित किया जाय|
9.किले की जो रक्षा
प्राचीरें ध्वस्त हो चुकी हैं उनका नव निर्माण होना चाहिए, जिससे किले की ऐतिहासिक
विरासत को सुरक्षित किया जा सके|
10.किले के भीतर स्थित विशाल मैदान में
वृक्षारोपण के लिए प्रयास किये जाने चाहिए जिससे किले में प्राकृतिक सौंदर्य
विकसित हो सके|
11.जलाशयों का
पुनर्निर्माण कराकर सभी जलस्त्रोतों की नियमित सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए|
12.किले से
सम्बन्धित समस्त विवरण को दर्शाता हुआ शिलालेख स्थापित किया जाना चाहिए| banda.nic.in पर पर्यटक स्थलों की सूची में
कालिंजर का विवरण विस्तृत रूप से उपलब्ध कराया जाना चाहिए| कालिंजर दुर्ग की
वेबसाइट Kalinjarfort.in पर इन स्थलों की जानकारी के सन्दर्भ
में कोई जिक्र नहीं है और न ही इन स्थलों से सम्बन्धित चित्र दीर्घा में कोई चित्र
ही उपलब्ध है| अतः Kalinjarfort.in में इन स्थलों की विस्तृत
जानकारी देते हुए चित्रों के माध्यम से समृद्ध किया जाना चाहिए|
13.ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम की व्यवस्था की जानी चाहिए|
14.लेसर शो की व्यवस्था की जानी चाहिए|
15.जिप लाइनिंग
द्वारा कालिंजर पर्वत पर स्थित किले के नीचे आने जाने के साहसिक पथ का निर्माण
किया जा सकता है| जिससे पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया जा सके|
निष्कर्ष
कालिंजर किला जो कि मेरे परियोजना कार्य का विषय है, इसके
अंतर्गत मेरे द्वारा पूर्ण मनोयोग से निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि
कालिंजर किले के पुरातत्व विभाग के अधीन होने के पश्चात यहाँ की व्यवस्थाओं में
काफी कुछ सुधार हुए हैं, फिर भी ये अपर्याप्त हैं जिसका कारण है प्रशासन की
उदासीनता| अतः शासन प्रशासन का प्रमुख दायित्व है कि व्यवस्थाओं को सुचारू रूप
प्रदान कर किले के संरक्षण हेतु भागीरथ प्रयास किये जाएँ जिससे किले की ऐतिहासिक
विरासत समृद्ध एवं अक्षुण्ण रहे|








Comments
Post a Comment